प्रदेश में आपदा प्रबंधन अधिनियम लागू होने के बावजूद मंडी में प्रदेश सरकार द्वारा तीन साल के जश्न की तैयारियों पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा प्रहार किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने कहा कि मंडी जिला इस वर्ष बाढ़ और भूस्खलन से सबसे अधिक प्रभावित रहा है। ऐसे समय में कांग्रेस सरकार का उत्सव मनाना न केवल असंवेदनशीलता है, बल्कि आपदा से जूझ रहे लोगों के घावों पर नमक छिड़कने जैसा अमानवीय कृत्य है। मंडी में अब तक 42 मौतें, 50 लापता, 70 से अधिक घायल, 1,500 से ज्यादा घरों को नुकसान, सैकड़ों पशुओं की मौत, अनेक सड़कें बंद, जल-बिजली आपूर्ति बाधित, और 400 करोड़ रुपये से अधिक की क्षति दर्ज हो चुकी है। कई गांव अभी भी सड़क, दवा और राशन-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से कटे हुए हैं।