गो सेवा रक्षा दल की क्रिकेट टीम जिला भर में नशे से दूर रहने का संदेश देगी, ताकि युवा नशे से दूर रहकर खेलकूद की ओर आकर्षित हो सके। इसके लिए गो सेवा रक्षा दल के अध्यक्ष शेरा नेगी ने शनिवार को मणिकर्ण घाटी के डुंखरा में क्रिकेट टीम की घोषणा की, जिसमें घाटी के अलग अलग गांव के युवा शामिल किए गए हैं। शेरा नेगी ने बताया कि आज का युवा नशे की गर्त में डूबता जा रहा है जिसके लिए विशेष अभियान चलाने की जरूरत है। इसी को देखते हुए गो सेवा रक्षा दल ने क्रिकेट टीम की घोषणा कर युवाओं को नशे से दूर रखने की पहल की है। उन्होंने कहा कि यह टीम जिला के हर छोटे बडे़ क्रिकेट मैच में हिस्सा लेगी और युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने का प्रयास करेगी। उन्होंने बताया कि डुंखरा में इस पहले के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें घाटी के युवाओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।