कुल्लू जिला मुख्यालय में 16 मार्च को पेंशनर्स अपनी मांगों को लेकर सड़क पर गरजेंगे। संघर्ष समिति के प्रचार सचिव माधव कैलाश शर्मा ने बताया कि जिले भर के पेंशनर अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि सभी पेंशनर इस दिन सुबह 11 बजे पुराने स्टेट बैंक के पास एकत्र होंगे। इसके बाद यहां से रैली निकाली जाएगी, जो ढालपुर से होते हुए प्रदर्शनी मैदान तक पहुंचेगी। प्रदर्शनी मैदान में पेंशनरों की जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न वक्ता पेंशनरों से जुड़े मुद्दों और मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस दौरान उपायुक्त (डीसी) कुल्लू के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा जाएगा, जिसमें पेंशनरों की लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पेंशनरों की विभिन्न मांगें सरकार के समक्ष रखी जा रही हैं, लेकिन अभी तक उनका संतोषजनक समाधान नहीं हो पाया है।