भारतीय युवा वॉलीबॉल टीम का प्रतिनिधित्व कर चीन से लौटे ओल्ड मनाली के होनहार खिलाड़ी ऋतिक ठाकुर का सोमवार को मनाली पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी। ऋतिक ठाकुर का चयन भारतीय युवा वॉलीबॉल टीम में हुआ था। उन्होंने चीन में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए देश का प्रतिनिधित्व किया। उनकी इस उपलब्धि को मनाली सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है। मनाली में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में विधायक भुवनेश्वर गौड़ और पूर्व विधायक गोविंद ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों ने ऋतिक को सम्मानित करते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऋतिक की सफलता प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, ओल्ड मनाली पंचायत के प्रधान खेम राज ठाकुर, पूर्व प्रधान मोनिका भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। लोगों ने ऋतिक और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण ने मनाली और हिमाचल का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है। स्वागत समारोह के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि ऋतिक आने वाले समय में भी अपने शानदार प्रदर्शन से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।