हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के कड़े निर्देशों के बाद एनएचएआई ने अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को एनएचएआई राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने रांगड़ी से मनाली तक राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे किए गए अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक अस्थायी दुकानों और अन्य ढांचों को हटा दिया। अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बने अवैध टिन शेड, रेहड़ी-फड़ी, दुकानों के आगे बढ़ाए गए हिस्से तथा अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन ने पहले से कब्जाधारकों से स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा था। निर्धारित समय पूरा होने के बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि हाईवे किनारे लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित हो रहा था। सड़क संकरी होने से जाम की स्थिति बनती थी और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था। नायब तहसीलदार रामसिंह नेगी ने बताया कि रांगड़ी से मनाली तक कजबे हटाए गए। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।