राउगी क्षेत्र में अवैध कब्जों की निशानदेही करने गए पटवारी-कानूनगो पर हुए जानलेवा हमले को लेकर पटवारी-कानूनगो संघ ने काम बंद करने का एलान कर दिया है। संघ के जिलाध्यक्ष ऋषभ डोगरा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस रवीश और पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल से मुलाकात की है। उनके माध्यम से संघ की तरफ से सरकार को एक प्रस्ताव भेजा गया है। जिसमें हमलावरों के खिलाफ हत्या का प्रयास करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक हमला करने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तब तक वे कामकाज ठप रखेंगे।