जिला मुख्यालय में आज कुल्लू अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने उपायुक्त का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। भेंट के दौरान महासंघ के सदस्यों ने विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों और कार्य परिस्थितियों पर भी संक्षिप्त चर्चा की। उन्होंने प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि जनहित से जुड़े कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके। उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने महासंघ के पदाधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रशासन कर्मचारियों के साथ मिलकर विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना और समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर महासंघ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।