आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ की हड्डी है। इनके माध्यम से ही विभाग की सभी योजनाओं और कार्यक्रम जनमानस तक पहुंचाए जाते हैं और मरीजों की प्राथमिक उपचार संबंधी व्यवस्थाएं भी आशा कार्यकर्ता ही देखती हैं। यह बात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर ने कही। डीआरडीए भवन कुल्लू में आशा कार्यकर्ताओं के लिए छठे और सातवें मॉड्यूल के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी इसमें मुख्यातिथि रहे। उन्होंने पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया।