कुल्लू जिले में एचआईवी एड्स के खिलाफ एकीकृत स्वास्थ्य अभियान चलाया गया है। इसके अंतर्गत युवा दिवस पर लोगों खासकर युवाओं को एचआईवी एड्स के प्रति सावधानी बरतने और सजग रहने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने किया, जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में अस्पताल में आए मरीजों और उनके तीमारदारों को एचआईवी से बचाव और इसकी रोकथाम के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों, नर्सिंग संस्थानों की प्रशिक्षुओं व विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने अस्पताल परिसर से जागरूकता रैली निकाली। यह रैली अस्पताल परिसर से कॉलेज गेट, जिला पुस्ताकलय, लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र, ढालपुर चौक, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, न्यायालय परिसर होकर वापस अस्पताल परिसर तक निकाली गई।