हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कलाकार बिंदर दनौदा ने विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में पहुंचकर मां ज्वाला के दर्शन किए और अपनी आगामी फिल्म ‘अंगद : यमुना पुत्र’ की सफलता के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर पहुंचने पर पुजारी विभु शर्मा ने उन्हें विधिवत पूजा अर्चना करवाकर उन्हें मां की पवित्र चुनरी भेंट की। गर्भगृह में दर्शन करने के बाद बिंदर दनौदा ने मोदी भवन, योगिनी कुंड तथा शयन भवन में भी माथा टेका। इस दौरान हवन-यज्ञ में आहुति डालकर उन्होंने फिल्म की सफलता और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में उनके दर्शन के लिए लोगों में भी उत्साह देखने को मिला और उनके फैन भी उनसे मिले। बिंदर दनौदा कई फिल्मो व म्यूजिक वीडियो में कार्य कर चुके हैं और पिछले 15 वर्षों से फिल्म इंडस्ट्री में कार्यरत हैं। उन्होंने कई हिट गानों में कार्य किया है। मीडिया से बातचीत करते हुए बिंदर दनौदा ने बताया कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से हरियाणा फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उनकी नई फिल्म 'यमुना पुत्र अंगद' आगामी 4 जुलाई को वर्ल्डवाइड रिलीज होने जा रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म में बॉलीवुड के कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि मां ज्वाला के दरबार में आकर उन्हें आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिली है तथा उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मां का आशीर्वाद उनकी फिल्म को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। इस अवसर पर ज्वालामुखी के वरिष्ठ बुद्धिजीवी गणेश शर्मा सहित हरियाणा से आए कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।