फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kangra: बैचवाइज शिक्षक भर्ती शुरू करने की मांग, धर्मशाला में टेट पास अभ्यर्थियों ने निकाली रैली

हिमाचल प्रदेश में बैचवाइज शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर टेट पास बैचवाइज बेरोजगार संघ ने धर्मशाला में रैली निकाली। रैली के बाद संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजकर शिक्षा विभाग में लंबित भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू करने की मांग की। संघ का कहना है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में पात्र अभ्यर्थी लंबे समय से बैचवाइज नियुक्तियों की राह देख रहे हैं। इनमें कई ऐसे अभ्यर्थी भी हैं, जिन्होंने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) तीन से पांच बार तक पास की है, लेकिन अब तक सरकारी नौकरी का अवसर नहीं मिल सका है। संघ के अनुसार बैचवाइज अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषयों में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होने के साथ स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्यापन का अनुभव भी है। संगठन ने सरकार से कहा कि ऐसे प्रशिक्षित और अनुभवी युवाओं की सेवाओं का उपयोग सरकारी स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकता है। अभ्यर्थियों का तर्क है कि अनुभवी शिक्षकों की नियुक्ति से सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई का स्तर सुधारने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर करने में मदद मिल सकती है। ज्ञापन में संघ ने शिक्षा विभाग में नए बैचवाइज शिक्षक पदों का सृजन कर उन्हें अधिसूचित करने की मांग की। इसके साथ ही लंबे समय से खाली पड़े शिक्षण पदों को बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया के तहत जल्द भरने की अपील की गई। संघ ने यह भी मांग रखी कि भविष्य में शिक्षक भर्ती से संबंधित नीतियां तैयार करते समय बैचवाइज अभ्यर्थियों की टीईटी योग्यता, विषय विशेषज्ञता और अध्यापन अनुभव को उचित महत्व दिया जाए। संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार समय-समय पर विभिन्न वर्गों के लिए रोजगार और पुन: रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में फैसले लेती रही है। ऐसे में वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे योग्य बैचवाइज अभ्यर्थियों को भी रोजगार का अवसर दिया जाना चाहिए। संघ ने मुख्यमंत्री से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। प्रतिनिधियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से एक ओर योग्य युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ने से शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें