स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सुलह भाजपा मंडल की ओर से शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंडल अध्यक्ष चंद्रवीर कटोच के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार विशेष रूप से शामिल हुए। तिरंगा यात्रा परौर प्राथमिक स्कूल के मैदान से शुरू होकर खड़ौत तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए। नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। लोगों में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। आयोजकों ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।