चैत्र नवरात्र के शुभारंभ पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर ने अपनी धर्मपत्नी सहित प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में माता ज्वालामुखी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से कन्या पूजन किया और पारंपरिक झंडा पूजन भी किया। मंदिर परिसर में इस अवसर पर ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन भी मौजूद रहे, जो झंडा रस्म के तहत देवी दर्शन के लिए पहुंचे थे। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी शामिल रहे। दर्शनों के उपरांत अनुराग ठाकुर ने देश और प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता ज्वालामुखी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और देश में छाए संकट के बादल दूर होकर सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे। आरडीजी बंद होने पर राज्य के आर्थिक हालात पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्यों को अपनी आय के स्रोत बढ़ाने, खर्च कम करने और कर्ज घटाने की दिशा में काम करना चाहिए। कुछ राज्यों ने इस दिशा में बेहतर कार्य किया है, लेकिन हिमाचल प्रदेश अपेक्षित कदम नहीं उठा पाया, जिसके कारण कर्ज लगातार बढ़ रहा है। रेलवे परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन के लिए राज्य सरकार की लगभग 2000 करोड़ रुपये की देनदारी अभी शेष है। यदि राज्य सरकार समय पर अपना कार्य पूरा करती तो यह परियोजना अब तक तैयार हो चुकी होती। केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए करीब साढ़े 6 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में जहां रेलवे के लिए मात्र 100 करोड़ रुपये मिलते थे, वहीं अब इसे बढ़ाकर 2700 करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया है। नंगल-ऊना-तलवाड़ा रेल लाइन का कार्य पूरा हो चुका है और अगले दो वर्षों में इसे आगे जोड़ा जाएगा। साथ ही ऊना-नादौन-ज्वालाजी-कांगड़ा देवी को जोड़ने के लिए नए सर्वेक्षण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है, ताकि सभी शक्तिपीठ सीधे रेल मार्ग से जुड़ सकें और श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।