राजकीय महिला बहुतकनीकी महाविद्यालय कदाना रैहन में चल रही 27वीं राज्य स्तरीय गर्ल्स खेलकूद प्रतियोगिता के अंतिम दिन बुधवार को वॉलीबॉल, टेबल टेनिस और बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के अंतिम दिन खंड चिकित्सा अधिकारी फतेहपुर रिचा मेहरोत्रा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। खिताबी ट्रॉफी के लिए खेले गए वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में कंडाघाट और किन्नौर के बीच काफी रोमांचक मैच देखने को मिला। जिसमें कंडाघाट ने किन्नौर की टीम ने 2-0 से हराकर ट्रॉफी को अपने नाम किया। किन्नौर को उपविजेता की ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा। वहीं टेबल टैनिस में फाइनल मुकाबले में रैहन की कंडाघाट से भिड़ंत हुई। जिसमें दर्शक को रोमांचित करते हुए कंडाघाट ने रैहन को 2–0 से शिकस्त देकर खिताबी जीत हासिल की। वहीं स्थानीय महाविद्यालय कदाना रैहन की टीम ने उपविजेता की ट्रॉफी हासिल की। बैडमिंटन प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबले रैहन और कंडाघाट की टीम के बीच खेल गया। जिसमें रैहन की टीम ने अपनी धाक जमाते हुए कंडाघाट की टीम को 2-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। कंडाघाट को रनर अप की ट्रॉफी से नवाजा गया। सभी मुकाबले काफी रोमांचक रहे।जिसमें दर्शकों से खिलाड़ियों ने खूब वाहवाही लूटी। राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय कराना रैहन के प्रधानाचार्य सतीश कटवाल ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को भविष्य में इसी तरह लगन, मेहनत और कर्त्तव्य परायणता से खेलों के साथ साथ पढ़ाई में भी बेहतरीन योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विभिन्न महिला पॉलिटेक्निक्स से आई छात्राओं ने अनुशासन, खेल भावना, कड़ी मेहनत और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से एक अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। खेल प्रतिभाओं ने न केवल मैदान में शानदार प्रदर्शन किया। बल्कि यह भी सिद्ध किया कि यहां इच्छाशक्ति और समर्पण हो, वहाँ सफलता अवश्य मिलती है। जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन सच्चा खिलाड़ी वो है। जो अनुभव से सीखकर आगे बढ़ता है। उक्त खेल महोत्सव ने आपको टीमवर्क, नेतृत्व, धैर्य और आत्मविश्वास को सिखाया है।कहा कि खेल सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहने चाहिए। यह हमारे व्यक्तित्व का निर्माण करते है। इसलिए खेलते रहिए और आगे बढ़ते रहिए।और अपने सपनों को साकार करिए।उन्होंने सभी विजेता टीमों और सफल आयोजन के लिए टीम वर्क को बधाई दी।