हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह आज मां ज्वाला के दरबार में पहुंचीं और विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। विशेष रूप से उन्होंने हिमाचल में हालिया आपदाओं से प्रभावित लोगों के जीवन में पुनः स्थिरता आने की प्रार्थना की। प्रतिभा सिंह ने मां के समक्ष नमन करते हुए कहा, मां ज्वाला सबका कल्याण करें और जो लोग इस आपदा में उजड़ चुके हैं, उन्हें फिर से जीवन जीने की प्रेरणा दें। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि आपदा के बाद उजड़े परिवारों को पुनः बसाने के लिए समाज के धनाढ्य वर्ग को आगे आना चाहिए। सरकार अपनी ओर से प्रयास कर रही है, लेकिन समाज के समृद्ध लोगों को भी अपने दायित्व निभाने चाहिए ताकि प्रभावित लोग फिर से खड़े हो सकें। मां ज्वाला के दरबार में पहुंचते ही प्रतिभा सिंह ने मंदिर पुजारी नितिन शर्मा से विधिवत पूजन करवाया। उन्होंने मां के शक्तिपीठ में आहुति अर्पित की और दीप प्रज्ज्वलन कर प्रदेशवासियों की मंगल कामना की।प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कठिन दौर देखा है। कई लोगों के घर, ज़िंदगी की पूँजी और आशियाने तबाह हो चुके हैं। अब ज़रूरत है कि हम सब मिलकर एक-दूसरे का संबल बनें खासकर वे लोग जो सक्षम हैं, उन्हें आगे आकर मदद करनी चाहिए। उन्होंने सरकार से भी आग्रह किया कि राहत कार्यों में पारदर्शिता और गति लाई जाए ताकि ज़रूरतमंदों तक समय पर मदद पहुंचे। इस मौके पर मंदिर न्यास सदस्य, मंदिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।