धर्मशाला में सभी विभागों ने अपने-अपने कार्यालय के बाहर लगाए तोरणद्वार
शीत सत्र के सवालों के जवाब और तपोवन में तैयारियों का लिया भी जायजा
शिमला में तैनात सभी विभागों के आला अधिकारी धर्मशाला पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। विधानसभा के शीत सत्र को लेकर सरकार के धर्मशाला पहुंचने से एक दिन पहले ही शिमला में सेवारत विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों ने धर्मशाला में डेरा जमा लिया है। शीत सत्र की तैयारियों की जायजा लेने के साथ ही ये अधिकारी सत्र में विधानसभा सदस्यों के सवालों के जवाबों की तैयारी भी पूरी करने में जुटे रहे। इस दौरान धर्मशाला से तपोवन विधानसभा तक अधिकारियों के वाहनों की आवाजाही होती रही। विधानसभा के शीत सत्र का आयोजन 18 से 21 दिसंबर तक तपोवन में किया जा रहा है।
धर्मशाला में सभी विभागों ने अपने-अपने कार्यालय के बाहर तोरणद्वार स्थापित कर दिए हैं। साथ ही कार्यालयों को भी रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया है। कार्यालयों में संबंधित विभाग के मंत्री अथवा उच्चाधिकारियों के दौरे की संभावनाओं को देखते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
बाक्स:
आठ सेक्टर में शहर, सीसीटीवी-ड्रोन से गतिविधियों पर रहेगी नजर
शीत सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1200 पुलिस और गृह रक्षक जवान तैनात होंगे। सीसीटीवी कैमरों के अलावा पांच ड्रोन भी लोगों की गतिविधियों के साथ सुरक्षा-व्यवस्था पर नजर रखेंगे। तपोवन विधानसभा परिसर को तीन, जबकि शहर में पांच सेक्टरों से सुरक्षा संभाली जाएगी। एक वर्ष में तपोवन विस परिसर के आसपास बने मकानों और वहां पर रहने वाले लोगों के अलावा तपाेवन विस परिसर को जोड़ने वाले सड़क मार्ग भी पुलिस की देखरेख में होंगे। चीलगाड़ी स्थित विश्राम गृह को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से एक सेक्टर के रूप में रखा गया है, ताकि अगर यहां पर कोई बैठक या अन्य गतिविधियां होती हैं तो वहां पर कोई दिक्कत पेश न आए।
बाक्स:
पुलिस निगरानी में पहुंचेंगे प्रतिनिधिमंडल विधानसभा तक
मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों से मिलने आने वाले प्रतिनिधिमंडल जोरावर स्टेडियम में अपनी बैठक कर सकेंगे। पुलिस की निगरानी में उनका एक प्रतिनिधिमंडल संबंधित मंत्री के पास पहुंचेगा। वहीं, जोरावर स्टेडियम से आगे जाने वाले लोगों के लिए विशेष पास बनाए जाएंगे। जोरावर मैदान से विधानसभा तक एचआरटीसी की दो टैंपो ट्रैवलर की व्यवस्था रहेगी। वहीं, अधिकारियों के वाहनों को खड़ा करने के लिए विधानसभा के गेट नंबर दो के पास जंगल और कनेड की तरफ जाने वाली सड़क के साथ जंगल में व्यवस्था रहेगी।
---