राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में 3 दिवसीय अंडर-19 लड़कों के जिला स्तरीय टूर्नामेंट का शुभारंभ मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साह भरे वातावरण के बीच हुआ। मुख्य अतिथि विधायक रणजीत सिंह राणा ने टूर्नामेंट की विधिवत शुरुआत की, जिसमें उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, गुब्बारे उड़ाकर और बॉल बास्केट में डालकर शुभारंभ किया और खिलाड़ियों द्वारा की गई परेड की सलामी ली। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर धमाल मचाया। लोक नृत्य के माध्यम से बच्चों ने स्टेडियम में उपस्थित सभी दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं। इस अवसर पर रणजीत सिंह राणा ने पाठशाला को गोद लेने की घोषणा करते हुए सभी काम करवाने के साथ मैदान में हाई मास्क लाइट लगाने, स्कूल भवन के लिए रंग-रोगन करवाने की बात कही। प्रधानाचार्य रजनीश रांगडा ने मुख्य अतिथि को स्कूल और जिला खेलकूद एसोसिएशन की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जिले के 29 विभिन्न स्कूलों के 294 विद्यार्थी बास्केटबॉल, ताइक्वांडो और योग जैसी खेल गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजिंदर वर्मा, राकेश शर्मा, कोऑर्डिनेटर प्रवीण पठानिया, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रमन मल्कानिया, सेक्टर प्रभारी सुरेश ठाकुर, सुरेश कुमार,गुलशन प्रधान ,रविंदर ठाकुर प्रधान,सुभाष, संजय सहित अन्य अतिथि, विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि, रेफरी, निर्णायक और शिक्षक उपस्थित रहे।