हमीरपुर सदर थाना क्षेत्र के तहत लाहलड़ी में सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे टिपर और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। मृतक की पहचान लगदेवी(52) निवासी कमलदेव के रूप में हुई है। घायल की पहचान दोसड़का हमीरपुर निवासी अश्वनी( 49) के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त थे और हादसे के समय स्कूटी अश्वनी चला रहे थे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब साढ़े पांच बजे टिपर के ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कूटी पैराफिट से जा टकराई, जिससे दोनों सवार घायल हो गए। इसी दौरान टिपर भी पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और सड़क पर जाम लग गया। घटना की सूचना मिलने पर घायलों को एंबुलेंस की सहायता से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने कमलदेव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अश्वनी का उपचार किया गया। मृतक कमलदेव ठेकेदार थे। उनके दो बेटे हैं। इनमें से एक शिमला जिले में बिजली बोर्ड में कार्यरत है, जबकि दूसरा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा है। एसपी बलवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।