हमीरपुर जिले के स्कूलों में शनिवार को मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों और अध्यापकों ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को शत-प्रतिशत मतदान के प्रति जागरूक किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौरी के राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवियों ने स्वीप के अंतर्गत मतदाता हस्ताक्षर अभियान के लिए रैली निकाली। मतदाता हस्ताक्षर अभियान के तहत रैली में 150 मतदाताओं के हस्ताक्षर करवाए गए। रैली का आयोजन स्कूल प्रधानाचार्य सरिता दुबे के मार्गदर्शन में किया गया। रैली में मतदाता साक्षरता क्लब के नोडल अधिकारी नरेश कुमार, एनएसएस प्रभारी कुलभूषण वर्मा एवं मीना शर्मा उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने स्वयंसेवियों से आह्वान किया कि इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिझड़ी के स्वयंसेवियों ने भी स्कूल परिसर के बाहर बाजार में मतदान के प्रति जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया।