हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम का राज्य स्तरीय सम्मेलन मंगलवार को हमीरपुर में हुआ। राज्य स्तरीय सम्मेलन में प्रदेश भर के पेंशनरों ने भाग लिया। कार्यक्रम प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में हुआ। फोरम के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा, महासचिव चंद्र सिंह ने पेंशनरों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले डेढ़ साल से सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों को उनके ग्रेच्युटी व लीव इन कैशमेंट जैसे लाभों को हासिल करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। बिजली बोर्ड लिमिटेड के प्रबंधक वर्ग की ओर से 19 नवंबर को पेंशनर फोरम के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके लंबित पड़े सभी वित्तीय लाभों को जारी करने के लिए आश्वस्त किया गया था। लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है। पेंशनर प्रतिनिधियों ने वित्तीय लाभों की अदायगी में देरी के लिए बिजली बोर्ड लिमिटेड के वित्तीय कुप्रबंधन व सरकार की गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है। इस दौरान काफी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे।