एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एटीएस-185 के छठे दिन वीरवार की कार्रवाई सुबह जूनियर और सीनियर चुने हुए कैडेटों की फायरिंग प्रतियोगिता हुई। फायरिंग के दौरान कंपनी कमांडर कर्नल एसएस रावत, एएनओ, जेसीओ और पीआई स्टाफ उपस्थित रहे। फायरिंग प्रतियोगिता में जूनियर डिविजन में कैडेट अरमान व मानविक क्रमश: प्रथम और द्वितीय रहे। सीनियर डिविजन में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के कैडेट नतीश और कैडेट समीर क्रमश: प्रथम और द्वितीय रहे। जूनियर विंग में कैडेट मेघा और कैडेट मालविका प्रथम और द्वितीय रहे। सीनियर विंग में कैडेट स्नेहा और कैडेट चारुल प्रथम और द्वितीय रहे। अन्य कैडेटों ने व्यायाम गतिविधियों में भाग लिया तथा ड्रिल सीखी। इसके पश्चात विभिन्न व्याख्यानों का आयोजन हुआ और एनसीसी से जुड़ी जानकारी दी। सूबेदार मेजर कुंदन लाल ने अतिथि लेक्चर में कैडेटों को मैप रीडिंग सिखाई। प्रो. मनु वनीत सिंघवी ने सभी कैडेटों को भारतीय आदर्श मूल्यों, स्वच्छता का महत्व और विभिन्न बीमारियों से दूर रहने के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा केयरटेकर सम्मेलन का आयोजन हुआ जिसमें 10 संस्थानों के केयरटेकर अधिकारियों ने हिस्सा लिया। उन्हें कंपनी कमांडर कर्नल रावत ने एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया और उन्हें सर्वोत्तम योगदान करने के लिए प्रेरित किया। शाम को फायर चौकी, भोरंज ने फायर ड्रिल का आयोजन किया जिसमें उन्होंने आग के भिन्न प्रकार और उनपर काबू पाने के तरीके सिखाए। इसके अलावा बास्केटबॉल तथा वॉलीबॉल की विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन हुआ। सीनियर विंग बास्केटबॉल में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर को विजेता घोषित किया गया और रनर अप राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान हमीरपुर रहा। सीनियर डिविजन बॉस्केटबॉल में राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं को विजेता घोषित किया गया और रनर अप राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर रहा। सीनियर विंग वॉलीबॉल में राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं को विजेता घोषित किया गया और रनर अप राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर रहा।