राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) की ओर से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के तकनीकी सहयोग से सोमवार को आयोजित की गई 10वीं प्रदेशव्यापी मेगा मॉक एक्सरसाइज के तहत जिला हमीरपुर में भी बचाव एवं राहत कार्यों को अंजाम दिया गया। मेगा मॉक एक्सरसाइज के लिए निर्धारित रूपरेखा सुबह करीब 9:15 बजे डीडीएमए के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में भूकंप की सूचना प्राप्त हुई। इसके तुरंत बाद जिला भर में अलर्ट जारी कर दिया गया और जिला स्तर पर विकसित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली तुरंत सक्रिय हो गया। आईआरएस से संबंधित सभी नोडल अधिकारी कुछ मिनटों में ही डीईओसी में पहुंच गए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भूकंप से हुए नुकसान के प्रति स्थानीय समुदायों की प्रतिक्रिया पर नजर रखी गई और बचाव एवं राहत कार्यों को सुनियोजित ढंग से अंजाम देने के लिए हमीरपुर उपमंडल में दोसड़का के पुलिस मैदान, सुजानपुर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के परिसर और नादौन में मिनी सचिवालय परिसर में स्टेजिंग एरिया स्थापित किए गए। स्टेजिंग एरिया में सभी संसाधनों को मोबलाइज किया गया और यहीं से बचाव दलों को रवाना किया गया। उपायुक्त एवं डीडीएमए की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने उपायुक्त कार्यालय परिसर के वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग रूम में स्थापित कमांड पोस्ट से बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी की और अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।