ऊटपुर में करीब एक साल से बंद पड़े निर्माणाधीन आईटीआई के काम को लेकर गुरुवार को भाजपा वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग उठाई। साथ ही सरकार को एक माह का अल्टीमेटम देते हुए 21 सितंबर को टौणीदेवी में चक्का जाम की चेतावनी दी। धरने को संबोधित करते हुए राजेंद्र राणा ने कहा कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के बुद्धिजीवी मदन लाल ने आईटीआई के लिए 18 कनाल निजी भूमि दान की थी। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण शुरू हुआ, लेकिन पिछले एक साल से काम बंद है। ठेकेदार के काम छोड़कर जाने के कारण बच्चों को किराये के भवन में पढ़ना पड़ रहा है। राणा ने आरोप लगाया कि सरकार नए विकास कार्य शुरू करने के बजाय पुराने कार्यों को भी बंद कर रही है। सुजानपुर क्षेत्र में सड़कें बदहाल हैं और बस सेवाएं प्रभावित हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सड़कों की हालत ऐसी है कि पता नहीं चलता कि गाड़ी गड्ढे में है या गड्ढा गाड़ी में।