यह कहां लिखा गया है कि सत्ता पक्ष के विधायक मुंह बंद करके बैठे रहेंगे और लोगों की आवाज नहीं उठा सकते हैं। सोशल मीडिया पर तब युवाओं और लोगों की आवाज उठानी पड़ी है जब लोग यह सवाल करते हैं कि आपने मुख्यमंत्री के पास उनकी मांगें रखी या नहीं। विधायक राजेंद्र राणा ने सुजानपुर में पत्रकारों से बातचीत में यह बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार में यदि उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सुनवाई नहीं होगी तो वह जरूर आवाज उठाएंगे । उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि लोगों- युवाओं के हितों के लिए लड़ाई लड़ी जा रही है। भविष्य में भी वह इसी तरह लोगों के हितों को लेकर लड़ते रहेंगे। लोगों के हितों के लिए अपनी सरकार के साथ-साथ जहां भी उन्हें अपनी आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने विधानसभा के अंदर और विधानसभा के बाहर प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए आवाज बुलंद की है। एक सवाल के जवाब में विधायक ने कहा कि वर्तमान में अपनी बात को लोगों तक पहुंचाने में सोशल मीडिया कारगर साबित हुआ है। इसका पूरा इस्तेमाल करते हैं और उन्होंने लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बातों को सरकार तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री के साथ कई बार प्रदेश के युवाओं व प्रदेश के कामों को लेकर चर्चा कर चुके हैं। विधायक ने सुजानपुर नगर परिषद में लगातार लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव पर भी खुलकर बात रखी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में पार्षदों की आपसी लड़ाई है ।