पुलिस थाना सदर हमीरपुर के तहत डांगक्वाली चौक के पास बुधवार को शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह व्यक्ति बुधवार शाम के समय से ही बाजार में हुड़दंग मचा रहा था। करीब दो से तीन घंटे तक यहां पर हुड़दंग मचाने के बाद जब पुलिस को यह जानकारी मिली को टीम मौका पर पहुंची और व्यक्ति को पकड़ा। व्यक्ति इतने नशे में था कि पुलिस को इसको काबू करना मुश्किल हो गया था। दो पुलिस कर्मी बाजू तो दो पुलिस कर्मी टांगों से इस व्यक्ति को उठाकर ले जा रहे थे लेकिन यह व्यक्ति भी जाने को तैयार नहीं था। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने इसे गाड़ी में बिठाया और ले गए। इस दौरान यहां पर खूब भीड़ जमा हो गई तथा ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। वहीं पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ने कहा कि छानबीन जारी है।