पोषण अभियान के तहत इस बार 8 से 22 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा मनाया जाएगा, जिसमें छोटे बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं पर विशेष रूप से फोकस किया जाएगा और इस दौरान लगभग 20 विभागों के माध्यम से कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने शनिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, जल शक्ति विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके पोषण पखवाड़े की गतिविधियों की रूपरेखा तय की।