:थाना क्षेत्र सुजानपुर के तहत ब्यास नदी किनारे सेल्फी लेना एक नाबालिग लड़की के लिए जानलेवा साबित हो गया। सेल्फी लेते समय संतुलन बिगड़ने से लड़की करीब 60 फीट गहरी ढांक से नीचे ब्यास नदी में जा गिरी। हादसे में लड़की को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर लड़की को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कांगड़ा जिला निवासी नाबालिग लड़की अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर क्षेत्र में आई थी। दोनों ब्यास नदी के किनारे घूम रहे थे। इसी दौरान लड़की सेल्फी लेने लगी और अचानक पैर फिसलने से वह ढांक से नीचे गिर गई। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी किनारे फंसी लड़की को रस्सियों से बांधकर बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद उसे उपचार के लिए सुजानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया, जहां पर लड़की का उपचार चल रहा है। इस बारे में दमकल प्रभारी सुजानपुर राकेश ने बताया कि लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।