फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधायक सुरेश कुमार बोले- विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी बनाए रखें

जिला योजना विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक सोमवार को यहां बचत भवन में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, मार्केंटिंग बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया और समिति के अन्य गैर सरकारी सदस्यों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर जिला में विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए विधायक सुरेश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के कारण हमीरपुर में आम लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों की गति एवं कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना और अन्य योजनाओं का फील्ड में व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए, ताकि सभी पात्र लोग इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। सुरेश कुमार ने कहा कि योजना विभाग के माध्यम से स्वीकृत कई विकास कार्य वेब पोर्टल पर लंबित दिख रहे हैं। इनमें से कई कार्य पूरे हो चुके हैं, लेकिन इनके उपयोगिता प्रमाण पत्र अपलोड नहीं किए गए हैं। ये प्रमाण पत्र तुरंत अपलोड होने चाहिए और अन्य कार्यों को पूरा करने या आरंभ करने में कोई दिक्कत आ रही है तो संबंधित विभाग इनकी विस्तृत रिपोर्ट प्रेषित करें। अगर किसी कार्य के लिए स्वीकृत धनराशि को डायवर्ट करने की आवश्यकता है तो उसकी जानकारी भी दें। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में जिला के मनरेगा श्रमिकों को लगभग 22.77 करोड़ रुपये की अदायगी की गई। पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत 327 मकानों में से 158 मकानों के लाभार्थियों को पहली किश्त जारी कर दी गई है। इनके अलावा वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 1886 में से 1252 मकानों का निर्माण किया जा चुका है। इस अवसर पर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एडीसी अभिषेक गर्ग और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में एसपी बलवीर सिंह, अन्य अधिकारी तथा समिति के गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें