भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के कुठेड़ा पंचायत में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्यअतिथि भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने शिरकत की। इस अवसर पर सुजानपुर विधानसभा उपचुनाव प्रत्याशी राजेंद्र राणा, हमीरपुर के विधायक व हाल ही में भाजपा में शामिल आशीष शर्मा मौजूद रहे। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा के छह उपचुनाव के अलावा लोकसभा के चुनाव होने जा रहे हैं । इन चुनाव में भाजपा लोकसभा के साथ विधानसभा उपचुनाव में भी जीत हासिल करेगी। सुक्खू के भाजपा पर खरीद-फरोख्त करने के आरोपों पर पलटवार करते हुए गोस्वामी ने कहा कि देश की जनता पिछले 55 सालों से कांग्रेस के चल व चरित्र को अच्छी तरह से जानती है। अगर उनका काम करने का तरीका सही होता तो प्रदेश के नौ विधायक का भाजपा में शामिल नहीं होते। कांग्रेस पार्टी पूर्व में झूठ और छल की राजनीति करती आई है ।