भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ हिमाचल की हमीरपुर इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने पृथ्वीराज शर्मा के नेतृत्व में मांगें पूरी नहीं होने पर एसीटूडीसी पवन शर्मा को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने लंबित मांगों पर सरकार की सुनवाई नहीं होने विरोध स्वरूप सरकार को जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन भेजा। इसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पुरुषोत्तम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रति उदासीनता को देखते हुए पेंशनर सड़कों पर उतरने के लिए विवश होंगे। 17 दिसंबर 2023 को महासंघ के राज्यस्तरीय अधिवेशन में इस बारे सरकार को एक माह का नोटिस जारी करने का प्रस्ताव पारित हुआ था। जिसके तहत संघ ने 26 दिसंबर 2023 यह प्रस्ताव सरकार को दे दिया था। लेकिन सरकार कुंभकरणी नींद सो रही है। संघ की प्रमुख मांगों में सरकार की ओर से देय महंगाई भत्ता जारी नहीं करना, 2016 में संशोधित वेतनमान का एरियर, 2016 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर फंड का भुगतान न किया जाना, हिमाचल पथ परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर पेंशन का भुगतान न किया जाना आदि मांगे प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि यदि अब भी सरकार पेंशनरों के प्रति उदासीन रवैया रखती है तो इसके भविष्य में गंभीर परिणाम होंगे। पेंशनर इन मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने को विवश होंगे।