बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दशहरा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस का कार्यक्रम हमीरपुर जिला के स्वयंसेवकों ने धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेज के अध्यक्ष जगदीश गौतम रहे। वहीं, मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तर क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक बनवीर राणा रहे । सैकड़ों स्वयंसेवकों ने हमीरपुर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से देश भक्ति गीतों के पर पथ संचलन किया और भारत माता का जयघोष किया। इससे पूर्व अतिथियों ने शस्त्र पूजन करते हुए समाज को सशक्त बनाने का संदेश भी दिया। इस दौरान बनवीर राणा ने सभी प्रदेशवासियों को विजय दशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। कहा कि इसी दिन वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना डॉक्टर केशव बलराम हेडगेवार ने नागपुर में की थी । उस कालखंड में तुष्टीकरण प्रमुख भूमिका में थी, आज भी कई राजनीतिक दल उसी का पोषण करते पाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संघ पिछले 98 वर्षों से व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के कार्य में जुटा हुआ है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का काम समस्त हिंदू समाज को जागृत कर राष्ट्र निर्माण में उसकी अहम भूमिका बनाने के लिए सदैव प्रयासरत रहता है। संघ की शाखा संस्कार देने का केंद्र है और यह हर व्यक्ति के लिए सरल सुलभ उपलब्ध है। देश में ऐसे कई उदाहरण मिलते हैं, जहां संघ से प्रेरणा पाकर स्वयंसेवकों ने विविध क्षेत्र में संगठनों का निर्माण किया और समाज को दिशा दिखाने का प्रयास किया।