जिला हमीरपुर में यातायात नियमों का पालन करवाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 50 लाख रुपये से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। रोड सेफ्टी कमेटी की तरफ से पुलिस विभाग को यह बजट मिला है। कुछ जगहों पर पुलिस विभाग ने कैमरे इंस्टॉल किए हैं। कई स्थानों पर इन्हें लगाया जाना प्रस्तावित है। विभाग की तरफ से सीसीटीवी लगाने के लिए उचित जगहों का चयन किया जा रहा है। उन स्थानों पर इन्हें इंस्टॉल किया जाएगा जहां पर यह दूर तक का एरिया कवर कर सकें। इनके लग जाने से जहां यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कस जाएगा, तो वहीं अवांछनीय गतिविधियों को अंजाम देकर फरार होने वालों का पता लगाने में भी यह अहम भूमिका निभाएंगे। पुलिस यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने तथा सुरक्षा को मजबूत करने के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे लगा रही है। पुलिस द्वारा किए गए सर्वे में पता चला है कि हमीरपुर जिला में 6500 निजी सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। वहीं पुलिस ने भी लगभग 150 सीसीटीवी विभिन्न जगहों पर लगाए हैं। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि जिला में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा अवांछनीय गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की सं या को बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला में 6500 के करीब निजी सीसीटीवी कैमरे हैं तथा विभागीय 150 कैमरे हैं। उपयुक्त स्थान चिन्हित कर अन्य जगहों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।