भोरंज विधानसभा क्षेत्र के कंज्याण में मन की बात कार्यक्रम को जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ सामूहिक रूप से सुना गया। इस अवसर पर जिला भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष राकेश ठाकुर तथा जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष अनिल काकू भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी के साथ प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जब नागरिक स्वयं आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाते हैं, तभी समाज में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन आता है। वहीं अनिल काकू ने किसानों से जुड़े विषयों को उठाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण भारत के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को जीवन में अपनाने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। वहीं, भाजपा नेता नवीन शर्मा ने हमीरपुर विधानसभा के बूथ नंबर 1, अमरोह में भाजपा के पदाधिकारियों और अन्य लोगों के साथ प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना। पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नवीन शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के द्वारा देशवासियों से सीधा संवाद करते हैं और देश के विकास और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हैं। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष कुलभूषण कुमार, बूथ अध्यक्ष ओम देव,पूर्व ग्राम केंद्र अध्यक्ष डॉ रघुवीर राणा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।