कस्बा टौणी देवी के अप्पर दरोगण के अनुसूचित जाति के सदस्य मंगलवार को उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ से मिले। ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव को जाने वाला 200 वर्ष पुराना रास्ता एक व्यक्ति ने बंद कर दिया था। यह रास्ता राष्ट्रीय राजमार्ग तीन के कार्य में लगी कंपनी ने तोड़ा था। रास्ता अप्पर दरोगण से दरकोटी में मिलता है और उसी रास्ते से आवागमन करते थे। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें कंपनी ने आश्वासन दिया था कि रास्ता बनाकर देंगें। जब राष्ट्रीय मार्ग के कार्य में लगी कंपनी रास्ता बनाने लगी तो दरकोटी गांव का एक व्यक्ति गाली गलौच करने लगे और सदियों पुराने रास्ते को बंद कर दिया और वहां से कंपनी कर्मचारियों को भी भगा दिया। व्यक्ति ने रास्ते में कांटेदार झाड़ियां व पत्थर रख दिए और कहा कि रास्ता नहीं देंगें। उन्होंने कहा कि उनके बच्चे स्कूल जाते हैं और उनको वहां पर गिरने का खतरा है। जिस कारण कोई भी अनहोनी हो सकती है। उन्होंने कहा कि गांव में अन्य समारोह भी हैं लेकिन रास्ता न होने के कारण परेशानी हो रही है। इस प्रतिनिधिमंडल में ब्रह्मदास, प्रेम चंद, हेमराज, निर्मला देवी, सुमन देवी, सलोचना देवी, शक्कुदास, नेकराम, अनिता देवी, संतोष आदि शामिल रहे। उपायुक्त ने ग्रामीणों को समस्या समाधान का आश्वासन दिया।