नगर परिषद सुजानपुर में कांग्रेस ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज कर निकाय की कमान अपने हाथ में ले ली है। मंगलवार को हुई चुनाव प्रक्रिया में कांग्रेस समर्थित पार्षद नीलम अध्यक्ष और विनय कुमार उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव के दौरान कांग्रेस समर्थित पार्षदों के साथ भोरंज के विधायक सुरेश कुमार और पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया भी नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित नीलम और भाजपा समर्थित मीनाक्षी महाजन के बीच मुकाबला हुआ। 10 सदस्यों वाले निकाय में नीलम को छह मत मिले, जबकि मीनाक्षी महाजन को चार वोट प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित विनय कुमार और भाजपा समर्थित प्रमिला आमने-सामने थे। विनय कुमार को छह और प्रमिला को चार मत मिले, जिसके बाद उन्हें उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। स्थानीय विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस समर्थकों में खुशी का माहौल रहा।