हमीरपुर डिग्री कॉलेज के मैदान में एनएसयूआई हमीरपुर इकाई द्वारा दो दिवसीय हुनर कबड्डी टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में क्षेत्र की लगभग 12 टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिला पूर्व प्रवक्ता रोहित शर्मा और नशा निवारण हिमाचल प्रदेश संयोजक नरेश ठाकुर उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि रोहित शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच मिलता है बल्कि युवाओं को गलत राह पर जाने से भी रोका जा सकता है। वहीं प्रदेश एनएसयूआई के प्रदेश सचिव शिवम ठाकुर ने कहा कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से नशे से दूर रखना और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने भाग लिया। विजेता टीम के लिए ₹3100 की पुरस्कार राशि और उपविजेता टीम के लिए ₹2100 का नकद इनाम रखा गया है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी। शिवम ठाकुर ने कहा कि एनएसयूआई सदैव युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करती रही है। हुनर कबड्डी टूर्नामेंट का उद्देश्य सिर्फ खेल नहीं, बल्कि समाज में नशामुक्ति का संदेश देना भी है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में ऐसे आयोजन लगातार करवाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक युवा खेलों से जुड़ सकें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।