पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन हमीरपुर इकाई की मासिक बैठक बस अड्डा हमीरपुर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान हुकम चंद शर्मा ने की। बैठक में पेंशनरों की मांगों पर चर्चा की गई। प्रधान हुकम चंद ने बताया कि महीने की पांच तारीख हो गई है। अभी तक पेंशनरों को पेंशन नहीं मिली है। पेंशन नहीं मिलने से पेंशनर ठगा महसूस कर रहे हैं। बिना पेंशन के जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि पेंशन हर माह की पहली तारीख को दी जाए। तीन वर्षों से पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से कई बार मांगों को उठाया गया है। मुख्यमंत्री केवल मात्र आश्वासन ही दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पेंशनरों के पास दवाई लेने के लिए पैसे नहीं हैं। उन्होंने पेंशनरों के वित्तीय लाभों का भुगतान करने की मांग की। मार्च 2024 के बाद सेवानिवृत हुए पेंशनरों की लीव इन कैशमेंट का भुगतान नहीं किया गया है। प्रदेश सरकार से मांग रखी है कि लीव इन कैशमेंट का भुगतान शीघ्र किया जाए। इस अवसर पर अध्यक्ष कृष्ण लाल, सचिव सुशील कुमार, केसी चौहान, हाकम सिंह, सुरेश, किशोरी लाल, पवन, प्रवीण सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।