मरीजों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले एंबुलेंस कर्मचारी आज भी न्यूनतम वेतन से वंचित हैं। न्यूनतम वेतन न मिलने पर 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारी शुक्रवार को दो दिवसीय हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों ने शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर हमीरपुर में प्रदर्शन किया। उन्होंने चेताया कि अगर दो दिवसीय हड़ताल के बाद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। प्रदर्शन की अगुवाई सीटू के प्रदेश सचिव डॉ. कश्मीर सिंह की अगुवाई में किया गया जबकि हिमाचल प्रदेश 108 एवं 102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन (संबंधित सीटू) जिला हमीरपुर इकाई के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने भी मोर्चा संभाला। कर्मचारियों ने तहसील कार्यालय से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली तथा उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भी प्रेषित किया। इस मौके पर डाॅ. कश्मीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों का शोषण कर रही है और न्यायालय के आदेशों के बाद भी न्यूनतम वेतन से वंचित रखा जा रहा है। पिछले 15 वर्षों से वेतन में वृद्धि तक नहीं की जा सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों से 12 घंटे ड्यूटी ली जा रही है और ओवर टाइम की एवज में भुगतान नहीं किया जा रहा है। जिला प्रधान राजेश कुमार ने कहा कि जब कर्मचारी अपने हक की बात करते हैं तो उन्हें निकालने की धमकी दी जाती है। इस मौके पर संजीव कुमार उपप्रधान, महासचिव अनुपमा, सचिव मनोज, कोषाध्यक्ष पंकज, सलाहकार अमित कुमार उपस्थित रहे।