मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के बलगम संग्रह केंद्र के पास दोपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण मरीज परेशान हैं। केंद्र तक पहुंचने का रास्ता बाइक और स्कूटियों से घिरा है। इससे बलगम संग्रह केंद्र तक पहुंचने के दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। मरीजों को मजबूरन इधर-उधर जगह बनाकर या खुले स्थान पर खड़े होकर सैंपल लेना पड़ रहा है। इससे न केवल संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है, बल्कि स्वास्थ्य मानकों का पालन भी प्रभावित हो रहा है। मेडिकल कॉलेज में कुछ सप्ताह पहले ही बलगम संग्रह केंद्र की सुविधा दी है। अब इस केंद्र के बाहर दोपहिया वाहन स्थापित हो गए हैं। मेडिकल कॉलेज में रोजाना 1500 के करीब ओपीडी रहती है। यहां पर दूर-दराज से आने वाले मरीज, खासकर बुजुर्ग और गंभीर रूप से बीमार लोग अव्यवस्थित पार्किंग के कारण केंद्र तक पहुंचने में असमर्थ हैं। बलगम जांच, विशेषकर टीबी जैसी संक्रामक बीमारियों की जांच के लिए की जाती है। ऐसे में खुले में या भीड़भाड़ वाली जगह पर सैंपल लेना संक्रमण के जोखिम को बढ़ा सकता है। मरीजों और उनके परिजनों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से मांग की है कि बलगम संग्रह केंद्र के आसपास नो पार्किंग जोन घोषित किया जाए। यहां पर -बलगम संग्रह केंद्र के पास दोपहिया वाहन की पार्किंग की सूचना मिली है। पार्किंग व्यवस्थित तरीके से होनी चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पार्किंग के कारण मरीजों को परेशानी न हो। -डॉ. देशराज शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर।