उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को आगामी मॉनसून सीजन में ऐहतियात के तौर पर आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों को पहले ही चिह्नित करने और लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की मशीनरी अन्य संसाधनों की मैपिंग करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने संसाधनों की सूची डीडीएमए को प्रेषित करें, ताकि किसी भी तरह की आपात स्थिति के दौरान इनका उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले भर में सड़कों, भवनों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास सूखे एवं खतरनाक पेड़ तुरंत हटाए जाने चाहिए। वन विभाग ने भी ऐसे लगभग 450 पेड़ चिह्नित किए हैं।सभी शहरी क्षेत्रों एवं सड़कों के किनारे की नालियों और नालों की सफाई के लिए 20 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। डीडीएमए की ओर से जारी किए जाने वाले मौसम के पूर्वानुमानों, चेतावनियों और एडवायजरी से संबंधित संदेश तुरंत आम लोगों तक पहुंचाए जाने चाहिए। जिले में कहीं पर भी होने वाले नुकसान की रिपोर्ट भी तुरंत जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में पहुंचनी चाहिए। टॉल फ्री नंबर 1077 पर भी सूचना दी जा सकती है। बैठक में आपदा प्रबंधन से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस मौके पर एडीसी अभिषेक गर्ग ने विभिन्न प्रबंधों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह और अन्य अधिकारियों के अलावा अन्य उपमंडलों के एसडीएम ने भी वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।