हमीरपुर। लोक निर्माण विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली हमीरपुर बाजार में स्थित दुकानदारों पर भारी पड़ रही है। चार माह बाद भी लोक निर्माण विभाग 100 मीटर निकासी नाली का निर्माण नहीं कर पाया है। अधूरी निकासी नाली के कारण गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। दुकानदारों ने दुकान से सड़क तक लकड़ियों की अस्थायी पुली बनाई है, लेकिन ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच रहा है, जिसके कारण दुकान में रखी सब्जी व फल खराब हो रहे हैं। इससे दुकानदारों को घाटा उठाना पड़ रहा है। हैरानी की बात है कि दुकानदारों ने सीएम हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज करवा रखी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। दुकानदारों के अनुसार लोक निर्माण विभाग ने मार्च माह में निकासी नाली का निर्माण शुरू किया था। करीब 200 मीटर लंबी इस नाली का आधा निर्माण कर दिया है, लेकिन इसके बाद विभागीय कर्मचारी अपना सामान उठाकर चले गए हैं। अब बार बार अवगत करवाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। दुकानदारों का कहना है कि गंदे पानी में मक्खी मच्छर पनपना शुरू हो गए हैं। इससे बीमारियों के फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। दुकानदारों का कहना है कि बस अड्डे से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित निकासी नाली का निर्माण पूरा हो जाता है तो दुकानदारों को काफी राहत मिलनी थी। मामला संज्ञान में है। बारिश के कारण निर्माण नहीं हो पाया था। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। दीपक कपिल, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, हमीरपुर।