हमीरपुर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने सभी एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सर्दी के मौसम के दौरान आपात परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। सर्दी के मौसम के लिए जिला प्रशासन और डीडीएमए की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला के अधिकारियों के साथ बैठक में उपायुक्त ने बताया कि कई बार आग लगने, पेड़ों के गिरने या अन्य दुर्घटनाओं तथा बहुत ज्यादा धुंध एवं कोहरा पड़ने से आपात परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। इन सभी परिथितियों के लिए पहले से ही पर्याप्त प्रबंध होने चाहिए। अग्निशमन, होमगार्ड्स, पुलिस, आपदा मित्रों और अन्य वालंटियर की टीमें किसी भी तरह की आपात परिस्थिति के लिए हर समय तैयार रहनी चाहिए। बिजली, सड़क, पेयजल, मोबाइल नेटवर्क और अन्य सभी आवश्यक सेवाओं के संबंध में भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। सरकारी कार्यालयों और अन्य भवनों में अग्निशमन उपकरणों की स्थिति एवं इनसे संबंधित अन्य प्रबंधों की नियमित रूप से समीक्षा होनी चाहिए। कार्यालयों में हीटर और अन्य बिजली उपकरणों का उपयोग भी सुरक्षित ढंग से करें। लोगों को अपने मकानों एवं अन्य परिसंपत्तियों का बीमा करवाने के लिए भी प्रेरित किया जाना चाहिए।