अवाहदेवी माता मंदिर में रविवार को षष्ठम नवरात्र के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नवरात्रों के पावन दिनों में माता के दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा है। रविवार को अवकाश होने के चलते दूर-दराज़ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने निजी वाहनों से माता के चरणों में शीश नवाने पहुंचे। पूरे कस्बे में इस दौरान खासा रौनक भरा माहौल रहा। मंदिर परिसर में इन दिनों चल रहे शत चंडी महायज्ञ के चलते धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय हो उठा है। सुबह से देर शाम तक मंदिर प्रांगण में जयकारों और मंत्रोच्चारण की गूंज बनी रही। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता से परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। मंदिर कमेटी के प्रधान रमेश चंद गुलेरिया ने बताया कि नवरात्रों के अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। वहीं धार्मिक अनुष्ठान संचालक ज्ञान चंद वर्मा ने बताया कि शत चंडी महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन पूजा और देवी स्तुति की जा रही है, जो नवमी तक चलेगी। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, जलपान व बैठने की व्यवस्थाएं मंदिर प्रबंधन की ओर से सुनिश्चित की गई हैं। अवाहदेवी कस्बे की गलियां दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल से गुलजार रहीं। नवरात्र की इस पावन बेला में माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा है।