विकास खंड सुजानपुर के तहत क्षेत्र की 16 पंचायतों को अब विद्युत समस्या से नहीं जुझना पड़ेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 7.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पटलांदर (अंसला) का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस मौके पर स्थानीय विधायक कैप्टन रंजीत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विद्युत बोर्ड के मुख्य अभियंता प्रवीण धीमान ने मुख्यातिथि का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं हिमाचली टोपी पहनाकर स्वागत किया। इस परियोजना के तहत चबूतरा से अंसला तक लगभग 7.2 किलोमीटर लंबी 33 केवी एचटीएससी लाइन बिछाई गई है, जिससे उपकेंद्र को सुदृढ़ एवं निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इससे सुजानपुर क्षेत्र की 16 ग्राम पंचायतों के पटलांदर, रंगड़, चौरी, अंसला, भगोल, चमियाणा, डूहक, भटेरा, पनोह, धैल, कसीरी, पीपल, टिक्करु, सपाहल तथा आसपास के क्षेत्रों के लगभग 14 हजार लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं निरंतर विद्युत आपूर्ति का लाभ प्राप्त होगा।