हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में बोहणी क्षेत्र से चोरी हुई एक बाइक 24 घंटे के भीतर टौणीदेवी अस्पताल के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद हो गई। हालांकि, बाइक को वहां तक कौन लेकर गया और चोरी की वारदात किसने अंजाम दी, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव हरसन निवासी कुलविंदर सिंह ने सदर थाना हमीरपुर में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनकी बोहणी में दुकान है। शनिवार शाम को उन्होंने अपनी बाइक दुकान के बाहर खड़ी की थी और किसी जरूरी काम से बाहर चले गए। जब वह रात करीब डेढ़ बजे लौटे तो बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की। रविवार को चोरी हुई बाइक टौणीदेवी अस्पताल के समीप सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद कर ली गई। बाइक मिलने के बाद अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी के बाद वाहन को वहां तक कौन लेकर गया और इसके पीछे किसका हाथ है। मामले की जांच के तहत पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि कैमरों में आरोपी की गतिविधियां कैद हुई होंगी, जिससे उसकी पहचान करने में मदद मिलेगी। एसपी बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।