सीएमओ हमीरपुर आरके अग्निहोत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गर्मियों के मौसम में तेज धूप से हर कोई परेशान हो जाता हैं। यह मौसम अपने साथ कई बीमारियां भी लेकर आता है। गर्मियों की धूप का असर आपके शरीर, स्किन, आंखों और पाचन तंत्र पर भी पड़ता है। इस मौसम में जरा सी लापरवाही आप पर भारी पड़ सकती है। सीएमओ हमीरपुर आरके अग्निहोत्री ने कहा कि फूड प्वाइजनिंग गर्मियों की सबसे आम बीमारियों में से एक है। ये दूषित खाने या पानी की वजह से होता है। गर्मी और उमस की वजह से इस मौसम में बैक्टीरिया आसानी से पनप जाते हैं जिसकी वजह से खाना दूषित हो जाता है। इसकी वजह से पेट दर्द, मिचली, दस्त या उल्टी होने लगती है। इससे बचने के लिए कच्चा मांस और सड़क किनारे मिलने वाली खुली चीजों को खाने से बचें। गर्मियों के मौसम में पसीने के जरिये शरीर से बहुत सारा पानी बाहर निकल जाता है। पानी की कमी से बॉडी सही तरीके से काम नहीं कर पाती है। इसलिए इस मौसम में खूब पानी और जूस पीना चाहिए।