फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur: झंडा रस्म के साथ दियोटसिद्ध में चैत्र मास मेलों का आगाज

झंडा रस्म, हवन और पूजा-अर्चना के साथ उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र मास मेलों का आगाज हुआ। पूर्वाह्न 11:30 बजे एडीसी अभिषेक गर्ग, मंदिर न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा, मंदिर अधिकारी केशव कुमार सहित न्यासियों ने पवित्र धूने में आहुतियां डालकर पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत महंत श्रीश्री 1008 महंत राजेंद्र गिरी की अगुवाई में एडीसी ने झंडा रस्म पूर्ण की। हजारों श्रद्धालु झंडा रस्म के साक्षी बने। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर को 24 घंटे खुला रखा गया। दिनभर श्रद्धालु भजन कीर्तन करते हुए दर्शनों के लिए कतारों में लगे रहे। देर रात तक मंदिर में 25 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। मेलों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों में पुलिस के 200 और होमगार्ड के 150 जवान मुस्तैद किए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पुलिस कंट्रोल रूम से भी कड़ी रखी जा रही है। 13 अप्रैल तक चलने वाले चैत्र मास मेले के सुचारू आयोजन के लिए एसडीएम बड़सर मेला अधिकारी, जबकि डीएसपी बड़सर को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर और इसके आस-पास के क्षेत्र को पांच सेक्टरों में बांटा गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। इस मौके पर कैप्टन सुरेंद्र सोनी, कैप्टन पुरुषोत्तम चंद,नरेश लखनपाल, कमल पठानिया और चौधरी रोशन लाल आदि मौजूद रहे। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के प्रथम पुजारी बाबा बनारसी दास के वंशजों ने भी पारंपरिक झंडा रस्म निभाई। चकमोह स्थित जालपा देवी मंदिर से पालकी में बाबा बालक नाथ की मूर्ति और झंडा लेकर वंशज पैदल यात्रा करते हुए दियोटसिद्ध पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने मंदिर परिसर में झंडा चढ़ाया और पवित्र गुफा में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें