हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के बाहर दस दिनों से जूनियर ऑफिस असिस्टेंट आईटी पोस्ट कोड 817 के अभ्यर्थियों का क्रमिक अनशन जारी है। 19 जुलाई को अभ्यर्थियों ने आयोग कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित करने का दावा किया था लेकिन दस दिन बाद भी परिणाम घोषित नहीं हो सका है। ऐसे में अभ्यर्थियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आयोग के अधिकारी और कर्मचारी अवकाश के दिन भी परिणाम को तैयार करने में पिछले कुछ दिनों से डटे हुए है। परिणाम लगभग तैयार कर लिया गया है और विभागों का आवंटन भी हो गया है लेकिन आधिकारिक रूप से परिणाम घोषित न होने से अभ्यर्थी क्रमिक अनशन को जारी रखने पर मजबूर है। ऊना निवासी अमरदीप का कहना है कि कभी एक सप्ताह में परिणाम घोषित करने का दावा किया जाता है लेकिन परिणाम दस दिन बाद भी घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द परीक्षा परिणाम को घोषित किया जाए ताकि सालों से नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को नौकरी मिल सके।