रेडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडल इकाई ने मंगलवार को विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से चिट्टा विरोधी रैली निकाली। उसके बाद ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल ध्यानू भक्त की समाधि तथा इसके आस-पास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष निशांत शर्मा ने चिट्टा विरोधी रैली को मिनी सचिवालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद यह रैली नादौन कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई ध्यानू भक्त के समाधि स्थल पर पहुंची। इस रैली में रैडक्रॉस सोसाइटी के सदस्यों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनएसएस वॉलंटियरों, एनसीसी के कैडेटों, स्काउट्स एवं गाइड्स, व्यापार मंडल और अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर आम लोगों को नशे का विरोध करने का संदेश दिया। इसके बाद इन्होंने ध्यानू भक्त की समाधि और इसके आसपास के पूरे क्षेत्र में झाड़ियों तथा कचरे को हटाया।