हिमाचल परिवहन सेवानिवृत कर्मचारी कल्याण मंच हमीरपुर इकाई की मासिक बैठक चालक प्रशिक्षण केंद्र बस अड्डा हमीरपुर में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नंद लाल चौहान ने की। बैठक में मंच के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए गए। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने बताया कि राज्य सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर 2024 को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने तपोवन में हिमाचल पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति से जुड़े 18 संगठनों के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाकर आश्वासन दिया था कि 11 दिसंबर तक संयुक्त समन्वय समिति का गठन कर आगे की बातचीत की जाएगी, लेकिन यह वायदा आज तक पूरा नहीं किया गया। सरकार झूठे आश्वासन देकर पेंशनरों को गुमराह करने और उन्हें आपस में बांटने का प्रयास कर रही है। वृद्ध पेशनरों में सरकार के प्रति रोष लगातार बढ़ रहा है। पेंशनरों को वार्ता के लिए बुलाकर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करें, ताकि सरकार और पेंशनरों के बीच बढ़ती दूरियों को समाप्त किया जा सके। इससे पहले पेंशनरों ने गेट मीटिंग के साथ नारेबाजी की। बैठक में बलवीर पठानिया, सतीश कुमार सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।